TAASIR HINDI NEWS NETWORK ABHISHEK SINGH
वर्तमान में राजीव गांधी का शांति, सद्भाव और एकता का संदेश अधिक प्रासंगिकः सोनिया गांधी
नई दिल्ली, 20 अगस्त
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को कहा कि देश में नफरत और कट्टरता को बढ़ावा देने वाली शक्तियों को सत्ता का समर्थन है। ऐसे समय में राजीव गांधी का शांति, सद्भाव और एकता का संदेश और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर दिल्ली के जवाहर भवन में 25वें राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इस बार का पुरस्कार बनस्थली विद्यापीठ को दिया गया है। सोनिया ने कहा कि राजीव गांधी का राजनीतिक जीवन क्रूर तरीके से समाप्त किया गया था। इससे पहले ही उन्होंने अपने अल्प राजनीतिक जीवन में अनगिनत उपलब्धियां हासिल की थीं। वे विवधता संरक्षण के समर्थक थे। आज ग्रामीण और शहरी निकायों में 15 लाख से अधिक निर्वाचित महिला प्रतिनिधि हैं। यह राजीव गांधी की कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता के कारण ही संभव है। पूर्व प्रधानमंत्री ने हमेशा हमारे देश में महिलाओं को मजबूत करने के लिए काम किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि पंचायतों और नगर निगमों में महिलाओं के लिए आरक्षण प्रदान किया जाए। देश सेवा के लिए मिले कम समय में भी राजीव गांधी जी ने अनगिनत उपलब्धियां हासिल की थीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राजीव गांधी की सफलता ज्यादा दिनों तक छुपी नहीं रह सकती। आज विभिन्न विचारधाराओं के कई लोग राजीव गांधी की उपलब्धियों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। 1984 में राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को लोकसभा में 401 सीटों का सर्वोच्च बहुमत मिला। राजीव गांधी ने हमेशा समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया।

