TAASIR HINDI NEWS NETWORK WASEEM
सिक्किम में बादल फटा, सिंगतम में पानी का सैलाब, भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग-10 कई जगह बाधित
गंगटोक, 04 अक्टूबर
सिक्किम में बादल फटने और कई स्थानों पर हुए भारी भूस्खलन से हालात गंभीर हो गए हैं। नार्थ सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है।
इस वजह से तीस्ता नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है। ऐसी सूचना आ रही है कि तमाम घर पानी के सैलाब में बह गए हैं। कुछ लोग जान बचाकर अपने घरों से भाग कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे हैं।
बादल फटने से सिंगतम में तीस्ता नदीं उफान पर है। इसके वेग में यहां एक बड़ा पुल बह गया है। इस वजह से सिगंतम का संपर्क बाकी स्थानों से कट गया है। साथ ही नार्थ सिक्किम में कई जगह भूस्खलन की वजह से राजमार्ग पर आवागमन रुक गया है। इसके अलावा सिक्किम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एक मात्र राष्ट्रीय राजमार्ग -10 कई जगह बाधित है। यहां भारी भूस्खलन हुआ है।

