पश्चिम रेलवे ने टिकट जांच अभियानों में 94.51 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

TAASIR HINDI NEWS NETWORK ANWAR

मुंबई, 7 नवंबर,

पश्चिम रेलवे पर मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों, मेल और एक्सप्रेस के साथ-साथ पैसेंजर ट्रेनों और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में बिना टिकट तथा अनियमित यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। अप्रैल से अक्टूबर 2023 तक चलाए गए कई टिकट जांच अभियानों में 94.51 करोड़ रुपये की जुर्माना राशि प्राप्ति हुई है। इसमें मुंबई उपनगरीय खंड से प्राप्त 24.38 करोड़ रुपये भी शामिल है।
पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क विभाग से जारी विज्ञप्ति के अनुसार अक्टूबर, 2023 के दौरान बिना बुक किए सामान के मामलों सहित 2.17 लाख बिना टिकट और अनियमित यात्रियों का पता लगाकर 13.32 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई। इसके अलावा अक्टूबर के महीने में भी पश्चिम रेलवे ने मुंबई उपनगरीय खंड पर 77,000 से अधिक मामलों का पता लगाकर 3.64 करोड़ रुपये का जुर्माना प्राप्त किया। एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा को रोकने के लिए नियमित औचक टिकट जांच अभियान चलाए जाते हैं। इन अभियानों के परिणामस्वरूप अप्रैल से अक्टूबर, 2023 के दौरान 41500 से अधिक अनधिकृत यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया है और जुर्माने के रूप में 136.74 लाख रुपये वसूल किये गये, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 86.73% अधिक है।