पश्चिम रेलवे महिला कल्‍याण संगठन द्वारा रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए निबंध , ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन

मुंबई, 25 सितंबर, 2025

पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO) की कार्यकारी समिति द्वारा पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रीमती नीता गुप्ता के नेतृत्व में मुंबई के चर्चगेट स्थित गोडबोले हॉल में पश्चिम रेलवे मुख्यालय के रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए 14 सितंबर, 2025 को निबंध प्रतियोगिता और 21 सितंबर, 2025 को ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। दोनों प्रतियोगिताओं में 150 से अधिक बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन से भाग लिया।
        पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निबंध और ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएँ मुख्यालय सहित पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में एक ही दिन आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विषय आयु वर्ग के अनुसार सभी मंडलों में एक समान थे, जिससे एकरूपता सुनिश्चित हुई। इन प्रतियोगिताओं को सभी मंडलों में भारी प्रतिक्रिया मिली, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया और प्रतिभागियों ने उच्च स्तर की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।
        निबंध प्रतियोगिता के लिए 6-9 वर्ष आयु वर्ग के लिए विषय थे – मेरा पसंदीदा व्यंजन या मेरे दादा-दादी के घर पर एक मजेदार दिन। 10-12 वर्ष आयु वर्ग के लिए विषय थे – मैं अपना रविवार कैसे बिताता हूं या मेरा पसंदीदा भारतीय त्योहार। 13-15 वर्ष आयु वर्ग के लिए विषय थे – क्या एआई भविष्य के लिए खतरा बनेगा या लाभदायक? या 2047 में भारत के बारे में मेरा विज़न। ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए 6-9 वर्ष आयु वर्ग के के लिए विषय थे – पारिवारिक सैर या मेरा पसंदीदा जानवर। 10-12 वर्ष आयु वर्ग के लिए विषय थे – मेरा सुपर हीरो या अंतरिक्ष यान या अंतरिक्ष यात्री। 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लिए विषय थे – आपकी पसंद का त्‍योहार (उत्सव) या जानवरों के साथ जंगल का दृश्य।
पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती नीता गुप्ता और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने बच्चों की भागीदारी और रचनात्मकता की सराहना की। प्रशंसा स्वरूप, सभी बच्चों को पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा की ओर से उपहार प्रदान किए गए। क्षेत्रीय स्तर के विजेताओं को एक साथ समूहबद्ध किया जाएगा और चयनित विजेता भारतीय रेल के सभी प्रतिभागियों में से राष्ट्रीय स्तर के विजेता बनेंगे।
                                                                                                         ****