पलामू, 16 मार्च
पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राजदेव महतो हत्याकांड का पुलिस ने 12 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक महिला के दो पुरुषों के साथ अवैध संबंध का राज खुलने के डर से बुजुर्ग की हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सेवती गांव के बच्चू महतो (55) और संतोष महतो (50) के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आरोपी सुरेश राम फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 मार्च को राजदेव महतो (70) का शव सेवती डाक बंगला के पास पदमा जाने वाली सड़क किनारे कोलकटवा जंगल से बरामद किया गया था। इस मामले में मृतक की पत्नी दुलारी देवी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तरहसी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।
पाटन इंस्पेक्टर सुरेश मंडल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर सेवती गांव की देवन्ती देवी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि तरहसी के सुरेश राम और सेवती के संतोष महतो अक्सर उसके घर शराब पीने आते थे। मृतक राजदेव महतो को शक था कि इन दोनों का देवन्ती देवी के साथ अवैध संबंध है। इसी कारण वह कई बार उन्हें गांव में बदनाम करने की धमकी देता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राजदेव महतो अक्सर पशु चराने के लिए कोलकटवा जंगल जाते थे और बच्चू महतो के भंडार घर के पास बैठते थे। शराब पीने के दौरान वह कई बार बच्चू महतो को भी अपशब्द कह देते थे, जिससे वह भी उनसे नाराज रहता था।
इसी रंजिश और राज खुलने के डर से सुरेश राम, संतोष महतो और बच्चू महतो ने मिलकर राजदेव महतो की हत्या की साजिश रची। 27 फरवरी को सेवती गांव में दामोदर महतो के बेटे के दसवीं के भोज के बाद बच्चू महतो राजदेव महतो को अपने कोलकटवा जंगल स्थित भंडार घर ले गया। वहां तीनों ने मिलकर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने के लिए शव को पास के खलिहान में पुआल से ढक दिया और घटनास्थल पर गिरे खून को मिट्टी हटाकर दूसरी मिट्टी से ढक दिया। इसके बाद 1 मार्च की रात तीनों आरोपितों ने शव को खाट पर लादकर जंगल के रास्ते सेवती डाक बंगला के पास पदमा जाने वाली सड़क किनारे कोलकटवा जंगल में फेंक दिया, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक अनंत कुमार सिंह ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर बच्चू महतो और संतोष महतो ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खाट बरामद कर ली गई है।
पुलिस फरार आरोपी सुरेश राम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक मनिन्द्र कुमार शर्मा, अनंत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।-

