कोयल नदी में डूबे छह वर्षीय आजलान का शव बरामद

खूंटी, 02 अक्टूबर 

रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में गुरुवार शाम कोयल नदी में डूबे छह वर्षीय आजलान मियां का शव शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बरामद कर लिया। करीब 15 घंटे तक चली खोजबीन के बाद उसका शव नदी के एक बड़े दह के ऊपर तैरता मिला। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सोदे गांव निवासी शमीम मियां का छह वर्षीय पुत्र आजलान मियां गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने 12 वर्षीय साथी अब्दुल्ला के साथ स्कूल से लौटने के बाद कोयल नदी की ओर गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि आजलान नदी में नहाने के लिए उतरा था और तेज धार में बह गया।

इसके बाद शमीम मियां सहित ग्रामीण कोयल नदी के तट पर पहुंचे। वहां नदी से कुछ दूरी पर आजलान के कपड़े मिले। कपड़े मिलने के बाद उसके नदी में डूबने की आशंका पुख्ता हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू कर दी। रनिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ देर रात करीब दस बजे तक खोजबीन की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।

ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर आजलान के कपड़े मिले थे, वहां नदी के बीच एक बड़ी चट्टान है। चट्टान के एक ओर नदी की धारा बहती है, जबकि दूसरी ओर करीब 50 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा दह है। ग्रामीणों ने देर रात तक दह में भी बच्चे की तलाश की।

शुक्रवार सुबह ग्रामीण दोबारा नदी के पास पहुंचे तो आजलान का शव उसी दह के ऊपर तैरता दिखाई दिया। इसके बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शमीम मियां के घर ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुट गई।

छह वर्षीय आजलान की मौत से सोदे गांव में शोक की लहर है।