TAASIR HINDI NEWS NETWORK OM SINGH
सांसद संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी पर भाजपा का हमला, कहा- भ्रष्टाचार की योजनाएं मुख्यमंत्री आवास पर बनी
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के घर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय की टीम की छापेमारी पर भारतीय जनता पार्टी ने हमला बोला है। भाजपा के महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने एक्साइज पॉलिसी ला कर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम किया है। करोड़ों रुपये का एक्साइज पॉलिसी घोटाले की सारी योजनाएं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई थी। ऐसे में उन्हें इस पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच सादगी भरे जीवन की बात करके सत्ता में आए थे। सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए। उनके कई मंत्री जेल में चले गए हैं और अब बाकियों की भी बारी है। शराब पॉलिसी में करोड़ों का घोटाला हुआ है।
वहीं, ईडी की छापेमारी को लेकर भाजपा दिल्ली प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा मांगा।

