पूर्वी सिंहभूम, 21 अक्टूबर
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। रोड नंबर-12 स्थित क्वार्टर नंबर-1, एल-4 टाइप के एक आवास में 34 वर्षीय रत्ना यादव का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका का महज आठ माह का बेटा है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया।
स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार, रत्ना यादव के पति सुनील कुमार मंगलवार रात किसी काम से बाहर गए हुए थे। उनके घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार सुबह जब मृतका के ससुर कमरे में पहुंचे, तो उन्होंने रत्ना को पंखे से लटका हुआ देखा। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। साथ ही मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जाएगी। मृतका के मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने और उनके बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की परिस्थितियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। आठ माह के मासूम के सिर से मां का साया उठने की घटना ने आसपास के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

